KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सिविल अस्पताल खैरागढ़ में ‘मन जागृत अभियान’ के तहत परिचर्चा आयोजित

मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के संतुलन पर दिया गया जोर

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं सिविल अस्पताल खैरागढ़ में ‘मन जागृत अभियान’ के तहत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा आम नागरिकों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना था।

​कार्यक्रम में “सजग मन, स्वस्थ समाज, समृद्ध भारत” के संदेश के साथ मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। मानसिक तनाव को समय रहते पहचानना, अपनी समस्याओं पर खुलकर बात करना तथा जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना बेहद महत्वपूर्ण है।

नींद, भूख और रुचि में बदलाव हो सकते हैं मानसिक तनाव के शुरुआती संकेत

​परिचर्चा को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य में होने वाले बदलावों को पहचानने के तीन प्रमुख संकेतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नींद के पैटर्न में बदलाव, भूख में असामान्य कमी या वृद्धि तथा दैनिक कार्यों एवं पसंदीदा गतिविधियों में रुचि कम होना मानसिक तनाव अथवा अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संकेत हो सकते हैं।

​उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के व्यवहार, नींद, भूख या दैनिक गतिविधियों में लगातार बदलाव दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे समय में परिवार के सदस्यों को संवेदनशीलता के साथ उसकी बात सुननी चाहिए और आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। विद्यार्थियों, किशोर-किशोरियों, युवाओं, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

सकारात्मक जीवनशैली और पारिवारिक सहयोग जरूरी

​कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी पोस्टरों का विमोचन एवं प्रदर्शन किया गया। पोस्टरों के माध्यम से लोगों को तनाव के संकेत पहचानने, पर्याप्त नींद लेने, नियमित व्यायाम करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने तथा परिवार एवं मित्रों के साथ संवाद बनाए रखने का संदेश दिया गया।

​स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय पर आकलन एवं उचित उपचार संभव है। इसलिए मानसिक परेशानी होने पर संकोच या सामाजिक झिझक के कारण सहायता लेने में देरी नहीं करनी चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को कमजोरी न मानकर संवेदनशीलता और समझदारी के साथ उनका समाधान तलाशना चाहिए।

टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 से लें निःशुल्क परामर्श

​आम नागरिकों से अपील की गई कि वे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करें तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को सहयोग प्रदान करें। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता एवं परामर्श के लिए निःशुल्क टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 पर संपर्क किया जा सकता है।

स्वास्थ्यकर्मियों एवं नागरिकों की सहभागिता

​कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल कुमार शुक्ला, डॉ विवेक बिसेन बीएमओ, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM) आकाश तम्बोली, डॉ. निशा साहू, बीईटीओ डी.एल. सोनी, संजय श्रीवास्तव, निशा जांगड़े सहित अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी-कर्मचारी, पैरामेडिकल स्टाफ, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, मरीज एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

​स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘मन जागृत अभियान’ के माध्यम से जिले में समुदाय स्तर तक मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर परामर्श के महत्व को समझाने तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों की पहुंच और स्वीकार्यता बढ़ाने के प्रयास निरंतर किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button