KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल बचत के प्रति किया गया जागरूक

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ही आम नागरिकों को जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में जल जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व, सुरक्षित पेयजल के उपयोग, जल संरक्षण तथा पानी की बचत के प्रति जागरूक करते हुए जल संसाधनों के समुचित उपयोग का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अमले द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि जल जीवन का आधार है और इसकी प्रत्येक बूंद का संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों को दैनिक जीवन में पानी के अनावश्यक अपव्यय को रोकने, उपयोग के बाद नलों को बंद रखने, पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा वर्षा जल संचयन के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही घरेलू कार्यों, कृषि एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों में पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की समझाइश दी गई।

इस अवसर पर ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के उद्देश्यों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। विभागीय अमले ने बताया कि पेयजल स्रोतों का संरक्षण, जल प्रदाय व्यवस्था का उचित रखरखाव तथा जल की गुणवत्ता बनाए रखने में ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने तथा स्वच्छ पेयजल के उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करने तथा परिवार एवं आसपास के लोगों को भी पानी बचाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। विशेष रूप से वर्षा जल के संचयन, भूजल स्तर बनाए रखने तथा उपलब्ध जल संसाधनों के दीर्घकालीन संरक्षण पर जोर दिया गया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना, पानी के सदुपयोग की भावना विकसित करना तथा वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान ‘जल है तो कल है, जल बचाएं—जीवन बचाएं’ का संदेश देते हुए ग्रामीणों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button