KCGखास खबरछत्तीसगढ़

पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में मतदाता जागरूकता कार्यशाला आयोजित

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में एकदिवसीय मतदाता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी अधिकारों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

​कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना तथा पात्र छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना रहा।

​कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को बताया गया कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। इस अवसर पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा निर्धारित अर्हता तिथि के अनुसार पात्र होने वाले छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

युवाओं को जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए किया प्रेरित

​कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने तथा परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय सहभागिता, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं।

​कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को निर्वाचन संबंधी जागरूकता का संदेश समाज के अन्य वर्गों तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यशाला के माध्यम से युवाओं में मतदान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा नए मतदाताओं की निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

​इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रभारी एवं सहायक नोडल अधिकारी स्वीप कृष्ण कुमार वर्मा, ईएलसी जिला समन्वयक यशपाल जंघेल, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुशील रत्नाकर तथा स्टेनो शोभना चौरे उपस्थित रहे।

​कार्यक्रम के सफल आयोजन में शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ के ईएलसी कोऑर्डिनेटर एवं व्याख्याता संतोष सत्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यशाला के आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मतदाता पंजीकरण एवं मतदान के महत्व के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button