
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी से होने वाली दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं को तत्काल हटाकर कांजी हाउस एवं गोठानों में सुरक्षित रखा जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। बैठक में पशुपालन विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि शहर के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंचों के साथ बैठक आयोजित की जा चुकी है। इसमें सड़कों से हटाए गए पशुओं को गोठानों में रखने तथा उनके लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर आम सहमति बनी है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाना स्वयं के साथ अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में यातायात नियमों के अनुरूप कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिले में नियमित जांच अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर चलेगा सघन जांच अभियान
बैठक में कलेक्टर ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सघन जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से संदिग्ध वाहनों की जांच करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बताया गया कि पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है, जिसे आगे और तेज किया जाएगा।
छोटी पुलियों पर लगाई जाएंगी सुरक्षा रेलिंग
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने लोक निर्माण विभाग को जिले की सड़कों पर स्थित छोटी-छोटी पुलियों में तत्काल सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेषकर असावधानी अथवा सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय प्राथमिकता से किए जाएं। पुलियों पर रेलिंग लगाने से वाहन चालकों एवं राहगीरों की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
विभागीय समन्वय से सड़क सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बैठक में दिए गए निर्देशों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सभी सदस्य अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



