नवरात्रि में भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर, माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
राज नेशनल न्यूज़ गंडई : नगर के प्रसिद्ध मां गंगाई मैया मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर 968 ज्योति कलशों की स्थापना की गई है। ज्योति कलशों की स्थापना के साथ ही मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। माता रानी के जयकारों और पूजा-अर्चना से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो रहा है।
नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का विशेष महत्व है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालु माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। मंदिर में प्रज्ज्वलित ज्योति कलश श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और भक्ति के प्रतीक बने हुए हैं।
गंडई की आराध्य मां गंगाई मैया के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी श्रद्धा है। नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक माहौल रहता है। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
आस्था और विश्वास का केंद्र मां गंगाई मैया मंदिर नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।



