रिपोर्टिंग : रिंकू पांडे साल्हेवारा
राज नेशनल न्यूज़ साल्हेवारा खैरागढ़ :
जिले के साल्हेवारा-बकरकट्टा मार्ग पर स्थित घने जंगलों से घिरी माँ बंजारी घाटी में बीती रात एक डरावना नजारा देखने को मिला। रात करीब 8:20 बजे खैरागढ़ से साल्हेवारा की ओर जा रही लोधी बस के यात्रियों और चालक दल ने सड़क पर तेंदुए को बैठे देखा, जिससे हड़कंप मच गया।
घटना का विवरण
लोधी बस के कंडेक्टर गोविंद ने बताया कि बस जैसे ही नर्मदा और मोहगाँव के बाद बंजारी घाटी के जंगल वाले हिस्से में पहुँची, तो चबूतरा के पास कुछ संदिग्ध आकृति बैठी हुई दिखाई दी। बस नजदीक ले जाकर देखने पर स्पष्ट हुआ कि वह एक तेंदुआ था। वाहन की लाइट और हलचल को देखकर तेंदुआ कुछ ही पलों में जंगल में गायब हो गया।
प्रशासन और वन विभाग का अलर्ट
घटना के बाद से क्षेत्र के यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने एहतियात के तौर पर बंजारी घाटी मार्ग पर नाइट गश्त तेज कर दी है और वाहन चालकों के लिए चेतावनी जारी की है:
- सड़क पर वाहन न रोकें: घने जंगल के इस सुनसान रास्ते पर रात के समय गाड़ियां रोककर नीचे उतरने से बचें।
- सतर्कता बरतें: वाहन चालक अपनी लाइट और गति को नियंत्रित रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करें।



