KCGखास खबरछत्तीसगढ़

डीजीपी अरुण देव गौतम ने किया केसीजी जिले का दौरा, एसपी कार्यालय और नवीन पुलिस लाइन का लिया जायजा

साइबर लैब में तकनीकी संसाधनों की समीक्षा, लंबित अपराधों के जल्द निराकरण के दिए निर्देश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन कामकाज, साइबर अपराधों की विवेचना, लंबित मामलों के निराकरण और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रवास के दौरान राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव और केसीजी जिले के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा उपस्थित रहे।

कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण

पुलिस महानिदेशक ने सबसे पहले खैरागढ़ स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएसबी, वेतन, फंड, स्थापना, ओएम और एसआरसी शाखाओं की कार्यप्रणाली तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिला साइबर लैब का निरीक्षण कर उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, साइबर अपराधों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम और विवेचना में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया।

लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

जिले के पुलिस थानों में संचालित ऑनलाइन पोर्टलों और डिजिटल पुलिसिंग प्रणालियों की भी समीक्षा की गई। पोर्टलों पर दर्ज सूचनाओं, प्रकरणों के अद्यतन और डिजिटल अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया गया।

बैठक में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और उप पुलिस अधीक्षकों से लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली गई। पुलिस महानिदेशक ने लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने, विवेचना में तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करने और आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नवीन पुलिस लाइन में किया पौधरोपण

पुलिस महानिदेशक ने निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण कर भवनों, आधारभूत संरचनाओं और अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया।

उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के पालन और तय समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस बल की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिसर में विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

प्रवास के अंतिम चरण में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button