उपसंचालक प्रियंका ठाकुर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर पोषण आहार का नियमित लाभ लेने किया प्रेरित
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 1 अक्टूबर 2026। ग्राम ढाबा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं शिशुवती माताओं, बच्चों तथा ग्रामीण समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बाल विकास एवं विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभाग की उपसंचालक प्रियंका ठाकुर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार, स्वच्छता एवं केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाले पोषण आहार का नियमित लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पालकों से बच्चों के खान-पान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की।
परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे ने ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्ययोजना, विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुवती माताओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने के लिए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय से जनसहयोग की अपील की। उन्होंने केंद्रों के लिए खिलौने एवं शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने, परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा बच्चों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया तथा उपस्थित लोगों को ‘विकसित भारत के कप्तान’ पुस्तिका का वितरण किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धर्मशिला नेताम ने कार्यकर्ताओं को समर्पित गीत प्रस्तुत किया।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित की गई। उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी देते हुए स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की तथा माताओं एवं पालकों को बच्चों के साथ संवाद, खेल एवं गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल, परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे, पर्यवेक्षक पूजा वर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रूपेश्वरी एवं धर्मशिला नेताम, मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्ष उमा चौबे, मंडल महामंत्री अंजलि सहित गर्भवती एवं शिशुवती माताएं, बच्चे तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बालिका शिक्षा एवं प्रारंभिक बाल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।



