KCGखास खबरछत्तीसगढ़

31 जुलाई तक गैर ऋणी कृषक अवश्य कराएं प्रधानमंत्री फसल बीमा

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : खरीफ मौसम 2026 में एल-नीनो (El Niño) के संभावित प्रभाव के कारण अनियमित वर्षा, अल्पवृष्टि, सूखा, अतिवृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका को देखते हुए जिले के सभी गैर ऋणी (Non-Loanee) कृषकों से 31 जुलाई 2026 तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अपील की गई है।

जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 37,953 कृषकों ने 53,790 हेक्टेयर क्षेत्र का फसल बीमा कराया है। इनमें 6,414 गैर ऋणी कृषकों ने भी योजना का लाभ उठाते हुए अपनी फसलों को प्राकृतिक जोखिमों से सुरक्षित किया है।

कृषि विभाग ने शेष पात्र गैर ऋणी कृषकों से आग्रह किया है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र ही अपना फसल बीमा कराएं। बीमा के लिए किसान अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), अधिकृत बैंक शाखा अथवा अन्य अधिकृत माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

बीमा प्रस्ताव प्रस्तुत करते समय आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि अभिलेख, बोनी संबंधी विवरण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य है, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ 2026) के अंतर्गत बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित है। इसके बाद किसी भी प्रकार के बीमा प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए सभी पात्र गैर ऋणी कृषकों से समय-सीमा के भीतर योजना का लाभ लेकर अपनी फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान से सुरक्षित करने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button