सरकार आपके द्वार पहुंचकर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ और राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराएगी
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण और आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
शिविरों के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। 1 अक्टूबर को खैरागढ़ के दिलीप सिंह मंगल भवन में आयोजित शिविर के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व खैरागढ़ टंकेश्वर प्रसाद साहू को नोडल अधिकारी बनाया गया है। 3 अक्टूबर को गंडई के नर्मदा चौक तथा 4 अक्टूबर को साल्हेवारा के सेजेस परिसर में होने वाले शिविर के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व छुईखदान-गंडई अविनाश ठाकुर नोडल अधिकारी रहेंगे।
इसी क्रम में 5 अक्टूबर को खैरागढ़ विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल जलबांधा, 6 अक्टूबर को छुईखदान विकासखंड के हाई स्कूल परिसर झूरा नदी तथा 7 अक्टूबर को खैरागढ़ विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल मुढ़ीपार में शिविर आयोजित किए जाएंगे। जलबांधा और मुढ़ीपार के शिविर के लिए टंकेश्वर प्रसाद साहू तथा झूरानदी के शिविर के लिए अविनाश ठाकुर नोडल अधिकारी होंगे।
शिविरों में केन्द्र एवं राज्य शासन की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही की जाएगी। राजस्व संबंधी सेवाओं, प्रमाण-पत्रों, स्वीकृति पत्रों, अनुदान एवं सहायता से संबंधित प्रकरणों का निराकरण भी किया जाएगा।



