
राज नेशनल न्यूज़ छुईखदान (केसीजी): छुईखदान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू दिखाकर आम लोगों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छुईखदान शासकीय अस्पताल के सामने एक व्यक्ति द्वारा आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर डराने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी विक्रम दास मानिकपुरी (30 वर्ष), निवासी वार्ड नं 11 टिकरीपारा छुईखदान को हिरासत में लिया। उसके पास से एक नग स्टील का चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 362/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी तरह एक अन्य घटना में, प्रतिक्षालय के पास लोगों को चाकू दिखाकर डरा-धमका रहे दूसरे आरोपी बिरेन्द्र नेताम (21 वर्ष), निवासी वार्ड नं 15 टिकरीपारा छुईखदान को पुलिस ने पकड़ा। उसके कब्जे से एक स्टील का बटनदार चाकू जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 363/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दोनों आरोपियों को जेएमएफसी न्यायालय छुईखदान में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



