
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : आगामी गणेश विसर्जन एवं झांकी को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए केसीजी पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित विवाद, उपद्रव एवं शांति भंग की स्थिति को रोकने के लिए पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे आदतन अपराधियों एवं उपद्रवियों को चिन्हांकित कर 11 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार भोजराज पटेल उर्फ भोला पिता दिनेश पटेल, अमन रजक उर्फ फनिश पिता अजीत रजक, त्रिभुवन धुर्वे उर्फ मुंडा गोलू पिता स्व. शत्रुघ्न धुर्वे, राजा सारथी उर्फ चंदन पिता राजेश सारथी, दिनेश साहू पिता सोनसाय साहू, मनीष यादव पिता अशोक यादव, सचिन रजक पिता स्व. शंकर रजक, पवन चंद्राकर पिता चिंताराम चंद्राकर, कृष्णा नेताम पिता अगनू नेताम, गोपाल यादव उर्फ संजू यादव पिता थानसिंह यादव तथा विकास तापड़िया पिता अशोक तापड़िया के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि सभी के विरुद्ध BNSS की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित व्यक्तियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
गणेश विसर्जन एवं झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों, झांकी मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं विसर्जन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही पुलिस बल द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आमजन से अपील
केसीजी पुलिस ने आमजन से गणेश उत्सव को शांति, अनुशासन एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा उपद्रव की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा है।



