KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सेवा की कहानी : चिरायु योजना से डिम्पल के जीवन में लौटी मुस्कान

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 21 सितम्बर // सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के माध्यम से समय पर हुई स्वास्थ्य जांच ने ग्राम झुरानदी, विकासखंड छुईखदान की 12 वर्षीय डिम्पल यादव के जीवन में नई उम्मीद जगाई। पहले स्कूल में पढ़ाई के दौरान डिम्पल बार-बार बेहोश हो जाती थी और उसकी तबीयत बिगड़ जाती थी, जिससे उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।

डिम्पल का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करता है। खेती का काम समाप्त होने के बाद परिवार को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था। ऐसे में बेटी की बार-बार बिगड़ती तबीयत परिवार के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी। बीमारी का कारण स्पष्ट नहीं होने से परिवार भी परेशान रहता था।

इसी दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की चिरायु टीम-बी, छुईखदान द्वारा विद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान डिम्पल की स्वास्थ्य समस्या की पहचान हुई। आवश्यक परीक्षण में उसके हृदय में छेद होने की जानकारी सामने आई। चिरायु टीम द्वारा उसे तत्काल उच्च स्वास्थ्य संस्थान में उपचार के लिए संदर्भित किया गया। समय पर उपचार मिलने के बाद डिम्पल के स्वास्थ्य में सुधार आया और अब वह नियमित रूप से स्कूल जा रही है।

आज डिम्पल स्वस्थ है और पूरे मन से अपनी पढ़ाई जारी रख रही है। स्कूल में अब उसे पहले जैसी परेशानी नहीं होती। बेटी के स्वास्थ्य में सुधार से परिवार को भी राहत मिली है। समय पर हुई स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा ने डिम्पल को फिर से सामान्य जीवन और पढ़ाई की राह पर लौटने में मदद की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button