
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 18 सितंबर 2026// जिला जेल निरीक्षण समिति द्वारा उपजेल सलौनी (खैरागढ़), जिला केसीजी का निरीक्षण किया गया। समिति ने जेल में बंदियों की संख्या, उपलब्ध सुविधाओं तथा उनके पुनर्वास एवं कौशल विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपजेल में कुल 130 बंदी निरुद्ध पाए गए।
बंदियों के लिए योगाभ्यास और कौशल प्रशिक्षण की तैयारी
निरीक्षण में पाया गया कि उपजेल के बंदियों को प्रतिमाह आयुर्वेदिक संस्था की टीम द्वारा योगाभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही बंदियों को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने की दिशा में राजमिस्त्री कार्य का प्रशिक्षण शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए राज्य स्तर से अनुमति प्राप्त हो चुकी है और आगामी दिनों में प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा।
परिजनों से संवाद के लिए टेलीफोन सुविधा होगी शुरू
बंदियों को उनके परिजनों से संवाद की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उपजेल में टेलीफोन सुविधा ली गई है। यह सुविधा आगामी दिनों में प्रारंभ होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान 18 वर्ष से कम आयु के किशोर की संख्या निरंक पाई गई। वहीं देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले 2 बालक एवं 1 बालिका की जानकारी प्राप्त हुई। इनके संबंध में सामाजिक-आर्थिक जांच प्रतिवेदन के आदेश जारी किए जा चुके हैं तथा प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।



