खैरागढ़छत्तीसगढ़

लगातार बारिश के बीच कलेक्टर की अपील: नदी-नालों से दूर रहें, सुरक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : जिले में लगातार हो रही वर्षा तथा नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिक अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने कहा कि लगातार बारिश के कारण जिले के कई नदी-नालों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में पिकनिक मनाने, सेल्फी लेने या बाढ़ का नजारा देखने के उद्देश्य से नदी-नालों के समीप जाना अत्यंत जोखिमपूर्ण है। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से सावधानी बरतने तथा अभिभावकों से बच्चों पर सतत निगरानी रखने की अपील की है।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से भी आग्रह किया कि जलमग्न पुल, पुलिया एवं रपटों को पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। यदि किसी मार्ग पर पानी बह रहा हो तो सुरक्षित स्थान पर रुकें और जलस्तर कम होने तक प्रतीक्षा करें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, नगर सेना, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर ध्यान देने, अफवाहों पर विश्वास न करने तथा किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ संबंधी सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन अथवा बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचित करने की अपील की।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिलेवासियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सावधानी, सतर्कता और प्रशासन के निर्देशों का पालन ही प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी उपाय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button