KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 से 25 सितंबर तक चलेगा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान

नदी-तालाब घाटों की सफाई के साथ किया जाएगा वृक्षारोपण, जनभागीदारी से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 22 सितंबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत 23 से 25 सितंबर तक विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले के प्रमुख नदी एवं तालाब घाटों की सफाई के साथ वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा जलस्रोतों और पर्यावरण के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अभियान के तहत खैरागढ़ में आमनेर नदी के शनि मंदिर के पास स्थित घाट, छुईखदान में बँधना तालाब तथा गंडई में सुरही नदी के घाट पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा जिले के विभिन्न ग्रामों में प्रमुख नदी घाट और तालाब घाटों पर भी स्थानीय स्तर पर स्वच्छता एवं वृक्षारोपण की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। निर्धारित तीनों दिनों में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक गतिविधियां आयोजित होंगी।

कार्यक्रम के दौरान नदी एवं तालाब घाटों से कचरे और अनावश्यक सामग्री को हटाकर स्थल को व्यवस्थित किया जाएगा। इसके साथ ही चयनित स्थानों पर पौधरोपण कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता से इन गतिविधियों को व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा।

‘सेवा मेरा योगदान’ गतिविधि के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नागरिकों को यह संदेश दिया जाएगा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता से जुड़ा दायित्व है। नदी और तालाब जैसे सार्वजनिक जलस्रोतों को स्वच्छ रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने से स्थानीय पर्यावरण को बेहतर बनाने में योगदान दिया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 23 से 25 सितंबर तक अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित गतिविधियों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। नागरिक अपने शहर और ग्राम के नदी-तालाब घाटों की स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागी बनकर ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को मजबूत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button