KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जिलेभर में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को बनाया गया “साइबर शिक्षक”, सम्मान के साथ दिया सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान के माध्यम से शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत जिले के आला पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान साइबर अपराध, साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस, CBI एवं ED अधिकारी बनकर किए जाने वाले फोन कॉल, OTP, PIN, पासवर्ड तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा सहित साइबर अपराधों से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।

शिक्षकों को बनाया गया “साइबर शिक्षक”

पुलिस द्वारा शिक्षकों को “साइबर शिक्षक” के रूप में जागरूक कर उन्हें साइबर सुरक्षा का संदेश अपने विद्यार्थियों, परिवारजनों एवं आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। साइबर शिक्षकों ने जागरूकता संदेश के साथ सेल्फी लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को स्कूलों से निकलकर परिवार और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना रहा।

शिक्षकों का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह

शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिले के प्रसिद्ध एवं वरिष्ठ शिक्षकों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने शिक्षकों के शिक्षा एवं समाज निर्माण में योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनसे विद्यार्थियों और समाज के अन्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

पुलिस का मानना है कि शिक्षक विद्यार्थियों के साथ-साथ परिवार और समाज को प्रभावित करने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर उनके माध्यम से यह संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।

पूरे जिले में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

शिक्षक दिवस के इस विशेष अवसर पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्राथमिकता के साथ साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य स्थानों पर शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

KCG Police का संदेश — “जागरूक शिक्षक, जागरूक विद्यार्थी, सुरक्षित समाज।”

Related Articles

Back to top button