राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के तृतीय सप्ताह का शुभारंभ रविवार 30 अगस्त को किया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी के नए तरीकों से सावधान रहने की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, पुलिस, CBI अथवा ED अधिकारी बनकर की जाने वाली फर्जी कॉल, वीडियो कॉल के माध्यम से धमकी, OTP मांगने तथा बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर ठगी करने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। इस दौरान नागरिकों को बताया गया कि साइबर ठग डर और दबाव का माहौल बनाकर लोगों से पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को पुलिस अथवा किसी जांच एजेंसी के अधिकारी के नाम से फोन कर गिरफ्तारी का भय दिखाया जाए या वीडियो कॉल पर पूछताछ के नाम पर दबाव बनाया जाए तो घबराने के बजाय तुरंत सतर्क हो जाएं। किसी भी परिस्थिति में OTP, बैंक खाते की जानकारी, ATM/डेबिट कार्ड संबंधी विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की गई।
पुलिस ने नागरिकों से कहा कि संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि को नजरअंदाज न करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने अथवा वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा परिवार के वरिष्ठ सदस्यों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग करने की अपील की है। KCG पुलिस का संदेश है—“आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।”



