
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 27 अगस्त 2026// प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद परिवारों के लिए केवल पक्का मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार बन रही है। योजना के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे परिवारों के वर्षों पुराने पक्के घर के सपने साकार हो रहे हैं, जो लंबे समय से जर्जर कच्चे मकानों में जीवन बिताने को मजबूर थे। ऐसा ही एक उदाहरण जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जनपद पंचायत छुईखदान अंतर्गत ग्राम पंचायत जगमडवा निवासी रामदयाल सेन का है।
रामदयाल सेन बचपन से ही ग्राम जगमडवा में निवासरत हैं। वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ एक सुरक्षित और स्थायी आवास का सपना उनके लिए लंबे समय से चुनौती बना हुआ था। उनकी संपत्ति के रूप में एक जर्जर कच्चा मकान था, जिसमें मौसम बदलने के साथ नई परेशानियां खड़ी हो जाती थीं। बारिश के दिनों में घर की छत और दीवारों की चिंता बनी रहती थी, वहीं गर्मी और ठंड में भी परिवार को असुविधाओं का सामना करना पड़ता था।
इसी बीच प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने रामदयाल सेन के जीवन में नई उम्मीद जगाई। वर्ष 2024-25 के लिए ग्राम सभा के अनुमोदन के उपरांत उनका नाम आवास के लिए चयनित किया गया। योजना के तहत उनके बैंक खाते में पहली किस्त की राशि पहुंची तो वर्षों से देखा जा रहा पक्के आशियाने का सपना हकीकत में बदलने लगा। उन्होंने मकान निर्माण की नींव रखी और शासन से प्राप्त सहयोग के साथ अपने जीवन की जमा पूंजी भी लगाई। देखते ही देखते एक सुंदर और सुरक्षित पक्का मकान बनकर तैयार हो गया।
नया आवास मिलने के बाद रामदयाल सेन और उनके परिवार को न केवल रहने के लिए सुरक्षित छत मिली, बल्कि मौसम दर मौसम कच्चे मकान में होने वाली परेशानियों से भी स्थायी राहत मिली। अब उनका परिवार बारिश के दौरान टपकती छत और कमजोर दीवारों की चिंता से मुक्त होकर अपने पक्के घर में सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रहा है।
अपने नए आशियाने को लेकर रामदयाल सेन भावुक हो जाते हैं। वे बताते हैं कि पक्का मकान उनके लिए सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि वर्षों के सपने का साकार होना है। उन्होंने शासन की आवास योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है।



