
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 25 नवंबर 2026: खैरागढ़ के फुटबॉल खिलाड़ी अथर्व सिंह का चयन अंडर-19 बालक वर्ग की राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वे अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में होने वाली इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस उपलब्धि पर बुधवार को वेसलियन स्कूल, खैरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अथर्व के साथ उनके पिता अभिलेख सिंह और माता नीलू सिंह को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रिंकेश कश्यप और विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत मौजूद रहे। अतिथियों ने अथर्व और उनके माता-पिता को सैश पहनाकर श्रीफल भेंट किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर अथर्व का हौसला बढ़ाया।
क्षेत्र का मान बढ़ाने पर मिली शुभकामनाएं
अतिथियों ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अथर्व के चयन से वेसलियन स्कूल के साथ-साथ पूरे खैरागढ़ क्षेत्र का मान बढ़ा है। उन्होंने अथर्व को बधाई देते हुए राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वेसलियन स्कूल के प्राचार्य एस. मसीह, खेल प्रभारी पूर्णिमा सिंह, स्कूल के शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



