
मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों से प्रस्तुत की अपनी कल्पना
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 05 अक्टूबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय ड्राइंग प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय आयोजन में सहभागिता की। प्रतियोगिता में प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं हाई स्कूल स्तर के 150 विद्यार्थियों ने ड्राइंग तथा 30 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि रहे। नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, शशांक ताम्रकार, विकेश गुप्ता, प्रशांत झा, उमा चौबे, नीलिमा गोस्वामी, कीर्ति वर्मा, नीलम राजपूत सहित जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत’ विषय पर शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी प्रगति एवं आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को चित्रों और भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी रचनात्मकता और विचारों को सामने रखने का अवसर देते हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने ड्राइंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत एवं सहायक नोडल कमलेश्वर ने पुरस्कार वितरण किया। विद्यार्थियों द्वारा मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने के लिए तैयार पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए। जिला शिक्षा अधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य के लिए उपस्थित विद्यार्थियों एवं संबंधितों को शपथ भी दिलाई।


