नवाचार को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, विजेताओं को ₹10-10 लाख का पुरस्कार
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 27 सितंबर 2026// समाज की विभिन्न समस्याओं के तकनीकी एवं व्यावहारिक समाधान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ शुरू किया गया है। जिला स्तर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को नोडल विभाग बनाया गया है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक प्रणय बघेल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर से प्रारंभ हो चुकी है और इच्छुक नवाचारी 17 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
महाप्रबंधक ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। कुल पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा, जिनमें ओपन फॉर ऑल श्रेणी से तीन, महिला श्रेणी से एक तथा 21 वर्ष से कम आयु वर्ग से एक विजेता शामिल होगा। इस प्रकार कुल पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये होगी। प्रतियोगिता का अंतिम आयोजन एवं विजेताओं की घोषणा 7 दिसंबर को नागपुर में की जाएगी।
चैलेंज के लिए कृषि, कानून एवं व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, नगरीय विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, रक्षा, स्थायित्व (ऊर्जा एवं जलवायु), अधोसंरचना एवं मोबिलिटी, उभरती तकनीक (एआई, ब्लॉकचेन) तथा शिक्षा एवं रोजगार सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों से जुड़ी ऐसी नवाचारी अवधारणाओं को प्रतियोगिता में शामिल किया जा सकता है, जिनमें विकास का स्तर, प्रोटोटाइप अथवा पायलट, उपयोगकर्ता या बौद्धिक संपदा (आईपी) से संबंधित स्थिति प्रदर्शित की जा सके।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवेदक अथवा टीम के कम से कम एक सदस्य के पास छत्तीसगढ़ का वैध निवास प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। चयनित प्रतिभागियों के लिए अंतिम आयोजन एवं प्रदर्शनी में उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर विकसित नवाचारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराने के साथ ही जनसमस्याओं के व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान को प्रोत्साहित करना है।
इच्छुक नवाचारी sevainnovationchallenge.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7999981295 पर संपर्क किया जा सकता है। आवेदक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक कार्यालय से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



