
नियमित आर्थिक सहायता से बचत कर शुरू किया सिलाई का काम, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार
खैरागढ़ 05 अक्टूबर 2026// सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जा रहा है। इसी क्रम में निकेश्वरी चंद्राकर की कहानी आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों की प्रेरणादायी मिसाल है।
महतारी वंदन योजना के तहत निकेश्वरी चंद्राकर को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। उन्होंने योजना से मिलने वाली राशि का समझदारी से उपयोग करते हुए नियमित रूप से बचत की। इसी बचत से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी और अब सिलाई के कार्य को अपनी आजीविका से जोड़कर आगे बढ़ रही हैं।
निकेश्वरी के लिए सिलाई मशीन खरीदना आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। घर से ही सिलाई का कार्य शुरू कर वे अपनी आय का साधन विकसित कर रही हैं। योजना से मिलने वाली नियमित सहायता राशि ने उन्हें अपनी आवश्यकता के अनुसार बचत करने और अपने हुनर को स्वरोजगार से जोड़ने का अवसर दिया है।
निकेश्वरी चंद्राकर बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए आर्थिक संबल का माध्यम बनी है। इस राशि को बचाकर उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी, जिससे अब वे स्वयं काम कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। निकेश्वरी की यह पहल बताती है कि योजनाओं से मिलने वाली सहायता का सदुपयोग कर महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई राह बना सकती हैं।



