
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के निर्देशानुसार जिले में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (81वां दौर) का कार्य प्रारंभ हो चुका है। यह सर्वेक्षण जुलाई 2026 से जून 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (AIDIS), कृषि परिवारों की स्थिति का आकलन तथा प्रवासन (Migration) सर्वेक्षण किया जाएगा।
योजना एवं सांख्यिकी विभाग की गठित सर्वेक्षण टीम ने जिले के चयनित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया है। सर्वेक्षण के दौरान परिवारों से रोजगार, व्यवसाय, आय, ऋण, निवेश, कृषि गतिविधियों एवं अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित जानकारी एकत्रित की जा रही है। सभी आंकड़े टैबलेट के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे सर्वेक्षण की पारदर्शिता एवं सटीकता सुनिश्चित हो सके।
योजना एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी
ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां सांख्यिकी अधिनियम, 2008 के प्रावधानों के अनुसार पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण तथा राष्ट्रीय स्तर पर विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए किया जाएगा।
नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण दल को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें। नागरिकों के सहयोग से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी और जरूरतों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



