KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सीईओ जिला पंचायत ने ली एनआरएलएम योजना की समीक्षा बैठक

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम कुमार पटेल ने आज राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में स्व-सहायता समूहों के सदस्यों की पारिवारिक आय बढ़ाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

सीईओ जिला पंचायत श्री पटेल ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए आगामी 20 वर्षों में स्व-सहायता समूह के सदस्यों की औसत पारिवारिक मासिक आय को 2 लाख 50 हजार रुपए तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करना होगा। इसके लिए समूह के सदस्यों को 3 से 4 आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय के स्रोतों में वृद्धि करना आवश्यक है।

उन्होंने समूह सदस्यों को ड्रिप सिंचाई एवं पॉली हाउस निर्माण के माध्यम से उन्नत कृषि, सब्जी उत्पादन, मुर्गी एवं बकरी पालन सहित विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और संभावनाओं के अनुरूप आजीविका गतिविधियों का चयन कर समूह सदस्यों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाना चाहिए।

बैठक में विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण (वीबी-जीआरएएमजी) योजना के माध्यम से अधोसंरचना विकास पर भी चर्चा की गई। इसके अंतर्गत मुर्गी शेड, बकरी शेड एवं गाय शेड आदि का निर्माण कराकर पशुपालन गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने के संबंध में एनआरएलएम के मैदानी अमले को मार्गदर्शन दिया गया।

इसके पश्चात एनआरएलएम अंतर्गत कम प्रगति वाले विषयों की समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए लंबित एवं कम प्रगति वाले कार्यों में शीघ्र प्रगति लाने के निर्देश दिए।

बैठक में एनआरएलएम के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा पीआरपी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button