KCGखास खबरछत्तीसगढ़

बाढ़ में फंसी कार, पेड़ की टहनी पकड़े थे 5 दोस्त: गंडई थाना प्रभारी ने उफनती नदी में छलांग लगाकर बचाई जान

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिला केसीजी पुलिस का एक साहसिक और सराहनीय चेहरा सामने आया है। शनिवार तड़के थाना गंडई क्षेत्र के दनिया पुल के पास नदी के तेज बहाव में फंसी कार में सवार पांच लोगों की जान गंडई थाना प्रभारी ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचा ली। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

​रायपुर से कान्हा-किसली जा रहे थे दोस्त

मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के गुढ़ियारी निवासी पांच दोस्त—कुबेर (चालक), कमलेश, निहाल, महक और प्रीति—स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर रायपुर से मध्यप्रदेश के कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। तड़के लगभग 02:30 से 03:00 बजे के बीच जब वे दनिया पुल के पास पहुंचे, तो भारी बारिश के कारण पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। अंधेरे के कारण पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे कार पुलिस स्टॉपर से टकराकर पुल से नीचे उतर गई और नदी के तेज बहाव में बहने लगी।

​पेड़ की टहनी पकड़कर गुहार, 112 पर दी सूचना

कार के डूबने पर पांचों दोस्तों ने किसी तरह हिम्मत दिखाते हुए पास मौजूद एक पेड़ की टहनी पकड़ ली और तुरंत ‘डायल 112’ पर पुलिस को हादसे की सूचना दी।

​थाना प्रभारी ने उफनती नदी में लगाई छलांग

सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर गेंदले अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति को गंभीर देखते हुए थाना प्रभारी ने बिना वक्त गंवाए उफनती नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

​“पुलिस ने दी नई जिंदगी”

सुरक्षित निकाले गए युवकों ने केसीजी पुलिस और थाना प्रभारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रात के अंधेरे और नदी के खौफनाक बहाव के बीच पुलिस ने अपनी जान पर खेलकर इंसानियत की मिसाल पेश की है। पुलिस की इस तत्परता से उन्हें नई जिंदगी मिली है।

​एसपी ने की सराहना, पुलिस की अपील

इस अदम्य साहस के लिए केसीजी पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर गेंडले और पूरी टीम की मुक्तकंठ से सराहना की है।

​साथ ही पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नाले उफान पर हैं। यदि पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा हो तो उसे पार करने का जोखिम बिलकुल न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button