राज नेशनल न्यूज़ रायपुर : स्थानीय विमतारा भवन, शांति नगर में आयोजित गोष्ठी में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने सामाजिक प्रगति और भविष्य की दिशा पर गहन विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक कुमार साहू ने की।
प्रमुख वक्ता और सामाजिक चिंतक विप्लव साहू ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में लाखों प्रजातियां हैं, लेकिन मनुष्य ने अपनी बुद्धि, विचार और सृजनशीलता के बल पर सभ्यता का निर्माण किया है। इस कारण हमारी जिम्मेदारी केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं हो सकती; आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति संख्या बल या संगठन की मजबूती से नहीं, बल्कि शिक्षा, ज्ञान, कौशल, सृजनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव से तय होती है।
विप्लव साहू ने आगे कहा कि आज का आधुनिक समाज समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और संवैधानिक अधिकारों के आधार पर आगे बढ़ रहा है। इसलिए सामाजिक व्यवस्था को सदियों पुराने किसी भी ग्रंथ या व्यवस्था की सीमाओं में बांधकर नहीं रखा जा सकता। मनुस्मृति अपने समय की सामाजिक परिस्थितियों और मान्यताओं का एक ऐतिहासिक दस्तावेज हो सकती है, लेकिन आधुनिक लोकतांत्रिक भारत की सामाजिक और कानूनी व्यवस्था का वास्तविक आधार केवल भारतीय संविधान है।
आज के दौर में व्यक्ति की पहचान जन्म से नहीं, बल्कि उसकी योग्यता, शिक्षा और मेहनत से तय होती है। मुख्य सवाल यह नहीं है कि हम अतीत को पूरी तरह नकारें या स्वीकार करें, बल्कि यह है कि इतिहास से सीख लेकर एक ऐसी भविष्यगामी व्यवस्था बनाएं, जिसमें जन्म, जाति या सामाजिक स्थिति के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो।
अल्बर्ट आइंस्टीन के विचारों का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में उत्पादकता और सृजनशीलता का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यदि कोई व्यक्ति अपनी क्षमता का रचनात्मक उपयोग नहीं करता, तो उसकी संभावनाएं सीमित रह जाती हैं।
गोष्ठी में मुख्य प्रवक्ता प्रो. घनाराम साहू सहित अन्य वक्ताओं ने भी समाज की वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का सफल संचालन योगिता साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन घनश्याम प्रसाद साहू द्वारा किया गया।



