
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस चौकी जालबाँधा ने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में गाली-गलौज कर मारपीट करने पर आमादा एक आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
दिनांक 21.07.2026 को प्रातः लगभग 08:00 बजे पुलिस चौकी जालबाँधा को मोबाइल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम करमतरा स्थित प्रभुदास साहू के ईंट-भट्ठे के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में राहगीरों एवं आसपास के लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहा है तथा मारपीट करने पर आमादा है।
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम अविनाश सिंह पिता अजीत सिंह, उम्र 41 वर्ष, निवासी प्रगति नगर, रिसाली, भिलाई बताया। मौके पर काफी भीड़ एकत्रित थी। पुलिस द्वारा आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया, किंतु वह नहीं माना और शांति भंग करने की स्थिति निर्मित करता रहा।
आरोपी के विरुद्ध संज्ञेय अपराध घटित किए जाने की आशंका के आधार पर इस्तगासा क्रमांक 42/264/2026 अंतर्गत धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया तथा कार्यपालिक दंडाधिकारी, खैरागढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जिला केसीजी पुलिस का आमजन से आग्रह है कि शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



