
साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह में पुलिस ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को ऑनलाइन नौकरी के नाम पर होने वाली साइबर ठगी और फिशिंग से बचाव की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने युवाओं से संवाद करते हुए बताया कि साइबर ठग आकर्षक वेतन, वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन इंटरव्यू, नियुक्ति पत्र और कम समय में नौकरी दिलाने जैसे झूठे वादों के जरिए युवाओं को अपना शिकार बना रहे हैं। ठगी के लिए फर्जी वेबसाइट, ई-मेल, वाट्सऐप संदेश और संदिग्ध लिंक का सहारा लिया जाता है।
फर्जी जॉब ऑफर की पहचान के बताए तरीके
जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं को फर्जी जॉब ऑफर की पहचान करने, संदिग्ध लिंक से बचने और ऑनलाइन भुगतान के दौरान सावधानी बरतने की जानकारी दी गई। पुलिस ने OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक खातों से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।
पुलिस ने कहा कि किसी भी नौकरी के प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय माध्यमों से उसकी सत्यता की जांच करें। नौकरी दिलाने के नाम पर किसी प्रकार की राशि मांगे जाने पर बिना सत्यापन के भुगतान नहीं करें।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें संपर्क
पुलिस ने युवाओं को साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करने अथवा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
केसीजी पुलिस का साइबर जागृति अभियान सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने और साइबर अपराधों से आमजन को बचाने के उद्देश्य से लगातार जारी है। पुलिस ने युवाओं से अपील की कि नौकरी का ऑफर मिलने पर उत्साहित होने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांचें। सावधानी ही साइबर सुरक्षा है।



