KCGखास खबरछत्तीसगढ़

मोबाइल से खाद की बुकिंग कर सकेंगे किसान, टोकन दिखाकर बिक्री केंद्र से लेंगे उर्वरक

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में नई डिजिटल व्यवस्था से अब तक 2,259 किसानों को मिली खाद

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिले के किसानों को रासायनिक खाद की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार ने उर्वरक बिक्री की नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है। इसके तहत किसान अब ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (Framework For Fertilizer Sale) मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद मोबाइल पर जारी टोकन दिखाकर संबंधित बिक्री केंद्र से उर्वरक प्राप्त किया जा सकेगा।

​कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और उपसंचालक कृषि चित्रांगद कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में कृषि विभाग इस प्रणाली के प्रचार-प्रसार और सुचारु क्रियान्वयन के लिए लगातार काम कर रहा है। जिले के शासकीय एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से खाद वितरण जारी है। इस प्रणाली के तहत किसानों को उनके रकबे और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा फसल के अनुसार तय अनुशंसा के आधार पर खाद दी जा रही है। इससे खाद के असंतुलित उपयोग पर रोक लगेगी और किसानों को अनावश्यक उर्वरक खरीदने के अतिरिक्त आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी।

प्रशिक्षण और हेल्प डेस्क की सुविधा

​नई व्यवस्था के तहत अब तक जिले के 2,259 किसानों को फसल के आधार पर खाद का वितरण किया जा चुका है। प्रणाली के सफल संचालन के लिए मास्टर ट्रेनर्स द्वारा किसानों, उर्वरक विक्रेताओं और समिति प्रबंधकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कड़ी में उपसंचालक कृषि चित्रांगद कुमार ठाकुर और अनुविभागीय कृषि अधिकारी (खैरागढ़) ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित बाजार अतरिया में किसानों को टोकन जारी करने और वितरण प्रक्रिया की जानकारी दी। इस अवसर पर अतरिया समिति प्रबंधक सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

​टोकन या खाद वितरण से जुड़ी किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग ने जिला स्तरीय हेल्प डेस्क नंबर 8236007377 और 9685053837 जारी किए हैं। किसान किसी भी असुविधा की स्थिति में इन नंबरों या विभाग से सीधे संपर्क कर सकते हैं।

ऐप पर पंजीयन के बाद मिलेगी सुविधा

​कृषि विभाग के अनुसार, इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए किसानों को गूगल प्ले स्टोर से ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपना पंजीयन करना होगा। पंजीयन के बाद किसान अपनी आवश्यकतानुसार खाद बुक कर सकेंगे। बुकिंग पूरी होते ही मोबाइल पर टोकन जनरेट होगा, जिसके आधार पर संबंधित केंद्र से खाद प्राप्त की जा सकेगी।

Related Articles

Back to top button