राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 30 जुलाई 2026 : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार आज दिनांक 30.07.2026 को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
ग्रामवासियों ने तय की विकास की प्राथमिकताएं
विशेष ग्राम सभा में सरपंच, पंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभा में गांव की सड़क, नाली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने अपनी आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय कर प्रस्ताव पारित किए।
VB-G RAM-G योजना का भी हुआ अभिसरण
इस वर्ष की GPDP में शासन की महत्वाकांक्षी VB-G RAM-G योजना के अंतर्गत चिन्हित कार्यों का भी अभिसरण किया गया। ग्राम सभा में VB-G RAM-G के तहत चिन्हित अवसंरचना, आजीविका एवं मूलभूत सुविधा से जुड़े कार्यों को GPDP में शामिल करते हुए समन्वित कार्ययोजना बनाई गई, ताकि डबल फंडिंग से बचते हुए अधिकतम विकास कार्य कराए जा सकें।
यह ग्राम सभा 16वें वित्त आयोग अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना GPDP के निर्माण एवं अनुमोदन हेतु बुलाई गई थी। छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा-6 के तहत ग्राम सभा सम्पन्न हुई।
डिजिटल होगी ग्राम सभा की कार्यवाही
पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर ग्राम सभा की समस्त कार्यवाही को पारदर्शी बनाने हेतु निर्णयों की 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। साथ ही निर्णयों को GS NIRNAY मोबाइल ऐप एवं सभासार पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। ग्राम सभा की गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल एवं GPDP पोर्टल में भी शत-प्रतिशत दर्ज किया जा रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत खैरागढ़ छुईखदान गण्डई प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि “ग्राम सभा ही लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है। जनभागीदारी से बनी योजना ही जमीनी स्तर पर सफल होगी। VB-G RAM-G के अभिसरण से अब एक ही गांव में योजनाओं का समन्वित विकास संभव हो सकेगा।”
इस आयोजन से जिले में नीचे से ऊपर तक योजना निर्माण की प्रक्रिया को मजबूती मिली है और अब ग्रामीणों की सहमति से ही विकास कार्य कराए जाएंगे।


