
बरसात में स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता और संतुलित खानपान अपनाने की दी सलाह
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ / छुईखदान : विकासखंड छुईखदान के संकुल केंद्र घिरघोली अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना में टीम चिरायु द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार की संयुक्त पहल के तहत संचालित इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय के सभी विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जिन बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं, उन्हें आवश्यक दवाइयां दी गईं तथा उनके अभिभावकों से मोबाइल पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं वाले बच्चों को आगे के उपचार के लिए रेफर भी किया गया।
डॉक्टरों की टीम ने विद्यार्थियों को बरसात के मौसम में मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए स्वच्छता एवं संतुलित खानपान अपनाने की सलाह दी। बच्चों को खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने, भोजन से पहले एवं शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, प्रतिदिन स्नान करने, साफ कपड़े पहनने, नियमित रूप से दांत साफ करने, नाखून छोटे रखने तथा उबालकर ठंडा किया हुआ पानी पीने की समझाइश दी गई। साथ ही बच्चों से कहा गया कि वे स्वास्थ्य संबंधी इन जानकारियों को अपने माता-पिता तक भी पहुंचाएं।
कार्यक्रम में डॉ. संजय कुर्रे, लैब टेक्नीशियन जागेश्वर सिंह कोटे, प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन, सहायक शिक्षक गोकुल राम वर्मा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



