
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र कुमार देवांगन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागीय कार्यों की अद्यतन जानकारी से अवगत कराने के लिए आयोजित मैराथन बैठकों की अगली कड़ी में संकुल समन्वयकों की बैठक ली। विज्ञान भवन, खैरागढ़ में आयोजित बैठक में जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यालयीन व्यवस्थाओं और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिले के एकल शिक्षकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिले की 41 एकल शिक्षकीय शालाओं में विद्यार्थियों की संख्या एवं उपलब्ध शिक्षकीय संसाधनों का संकुलवार आकलन करते हुए आवश्यकता वाले विद्यालयों में उसी संकुल के अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस प्रक्रिया के तहत जिले के लगभग 70 प्रतिशत एकल शिक्षकीय विद्यालयों की शिक्षक व्यवस्था का समाधान किया जा चुका है। संबंधित आदेश शीघ्र जारी किया जाएगा।
बैठक में जिले में रिक्त 8 संकुल समन्वयक पदों की पूर्ति के संबंध में भी जानकारी ली गई। विकासखंड शिक्षा अधिकारियों से रिक्त पदों के प्रस्ताव प्राप्त कर लिए गए हैं तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन पदों की पूर्ति की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाएगी।
बैठक में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। इनमें एसएचवीआर पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि कर जिले की स्थिति बेहतर करने, शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में इंस्पायर अवार्ड की अद्यतन स्थिति, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में शिक्षक व्यवस्था, अनियमित उपस्थिति वाले प्राचार्य, प्रधान पाठक, शिक्षक, लिपिक एवं भृत्य की जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई, निजी विद्यालयों के सतत निरीक्षण तथा शासकीय योजनाओं के पालन की स्थिति की समीक्षा शामिल रही।
इसके साथ ही बैगलेस डे में नवाचार को बढ़ावा देने, एक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन, शनिवार को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यालयों में निर्धारित प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक के समय का पालन, विद्यार्थियों में धाराप्रवाह हिंदी पठन एवं 25 तक पहाड़ा सीखने की स्थिति, युक्तियुक्तकरण के बाद मर्ज की गई शालाओं के नामकरण, दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, बस्तर के मुन्ने तथा नियत नेल्लानार कार्यक्रम की प्रगति और किचन गार्डन से छूटे विद्यालयों में इसके क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 1 अक्टूबर एवं 3 अक्टूबर को विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कक्षा 3री से 12वीं तक के विद्यार्थियों द्वारा अपने पालकों को निमंत्रण पत्र लिखे जाने की गतिविधि, विद्यालयों के नियमित निरीक्षण तथा संकुल संस्थाओं, संस्था प्रमुखों, संकुल समन्वयकों एवं शिक्षकों की जानकारी को गूगल शीट में एकीकृत रूप से संधारित करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के 79 संकुलों में कार्यरत 71 संकुल समन्वयक, सहायक संचालक, समग्र शिक्षा के नोडल अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा विकासखंड संसाधन केंद्र के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



