
संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, अमनेर नदी पुल एवं सड़क निर्माण की प्रगति का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 02 नवंबर 2026 : लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सोमवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के प्रवास के दौरान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास मार्ग पर अमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल तथा सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
18.75 करोड़ की लागत से बन रहे संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण
सचिव बंसल ने 18.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एल.एन.एस. राठौर ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब शटरिंग का कार्य जारी है, जबकि ब्लॉक ‘बी’ एवं ‘सी’ में स्लैब निर्माण पूरा कर लिया गया है। भवन का निर्माण जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।
मार्च 2027 तक पूरा होगा सर्किट हाउस का निर्माण
खैरागढ़ में 3.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सर्किट हाउस का भी सचिव ने निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सर्किट हाउस के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा इसे मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
अमनेर नदी पर बन रहे उच्चस्तरीय पुल का किया निरीक्षण
खैरागढ़ बायपास मार्ग पर अमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पुल के दोनों एबटमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं पांचों पियर का निर्माण पूरा कर लिया गया है। छह स्पैन में से तीन स्पैन का कार्य तथा एक स्पैन की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। पुल का निर्माण फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सचिव ने निर्माण एजेंसी को शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़क चौड़ीकरण में आ रही बाधाएं शीघ्र दूर करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान राज्य मार्ग क्रमांक-05 के अंतर्गत खैरागढ़ संभाग में चल रहे 10.40 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। सचिव ने मार्ग में 10 किलोमीटर डीबीएम कार्य, 400 मीटर क्षेत्र में वृक्ष कटाई तथा पाइपलाइन और विद्युत पोल स्थानांतरण से संबंधित बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर इन बाधाओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता डी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जैन, अधीक्षण अभियंता अर्पणा चौरागा, खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता एल.एन.एस. राठौर, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता चंद्रकिशोर पाण्डेय, विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता अब्दुल कादिर सहित विभागीय अधिकारी, उपअभियंता एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



