KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जिले में 10.84 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन

सांसद संतोष पांडेय ने खैरागढ़ और गंडई में विभिन्न विकास कार्यों की रखी आधारशिला

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / गंडई : जिले में शिक्षा, आजीविका, नगरीय विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ। सांसद संतोष पांडेय ने खैरागढ़ एवं गंडई में कुल 10.84 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इन कार्यों से जिले में शैक्षणिक एवं कौशल विकास सुविधाओं के साथ नगरीय क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

​कार्यक्रम में विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर एवं जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सांसद पांडेय ने खैरागढ़ में शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन का 4.65 करोड़ रुपए तथा जिला लाइवलीहुड संस्थान भवन का 4.11 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

​शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति में अपार सामर्थ्य है और बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। देश की राष्ट्रपति और वित्त मंत्री सहित अनेक महिलाएं आज महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं, जो बेटियों के लिए प्रेरणा का उदाहरण हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

​जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि उन्होंने स्वयं इसी महाविद्यालय से बीए एवं एमए की पढ़ाई की है, इसलिए इस महाविद्यालय से उनका विशेष जुड़ाव है। उन्होंने छात्राओं को अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से बेटियां अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि जब वे नगर पालिका अध्यक्ष थे, तब विद्यार्थियों की पढ़ाई की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका भवन के ऊपर एक कक्ष का निर्माण कराया गया था।

​इसी क्रम में नगर पंचायत गंडई में 2.07 करोड़ रुपए की लागत से सात विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें वार्ड क्रमांक 5 में 50.50 लाख रुपए की लागत से एमआरएफ कार्य एवं 9.96 लाख रुपए से सांस्कृतिक भवन रिनोवेशन, वार्ड क्रमांक 1 में 49.41 लाख रुपए से मुक्तिधाम उन्नयन, वार्ड क्रमांक 14 में 41.07 लाख रुपए से पाइप लाइन विस्तार एवं 36.06 लाख रुपए से पानी टंकी निर्माण, वार्ड क्रमांक 11 में 15.20 लाख रुपए से सामुदायिक भवन रिनोवेशन तथा वार्ड क्रमांक 15 में 5 लाख रुपए की लागत से मरार समाज भवन अहाता निर्माण शामिल है।

​कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, खम्मन ताम्रकार, बिशेषर साहू, विकेश गुप्ता, शैलेंद्र मिश्रा एवं शैलेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button