राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा’ की भावना को आत्मसात करते हुए जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर फैले कचरे एवं अनावश्यक सामग्री की सफाई की गई तथा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के लिए श्रमदान किया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने कार्यस्थल को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उप संचालक पंचायत राज तिवारी, एसबीएम जिला समन्वयक सलीम खान, दीनानाथ लिहारे, सी.के. पाण्डेय, गजेंद्र साहू, राजकुमार, आशीष साहू, हेमंत देवांगन सहित जिला पंचायत कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी और निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आम नागरिकों से भी अपने घर, कार्यालय एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।



