KCGखास खबरछत्तीसगढ़

खैरागढ़ में स्वास्थ्य योजना ‘जीवनधारा’ से किडनी रोगियों को राहत: सिविल अस्पताल में निःशुल्क डायलिसिस के 14,303 सत्र पूर्ण

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजना ‘जीवनधारा’ और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम (पीएमएनडीपी) के तहत जिला चिकित्सालय केसीजी–सिविल अस्पताल खैरागढ़ में किडनी रोगियों को निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा मिल रही है। गंभीर किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को अपने ही जिले में सुलभ उपचार मिलने से उनके परिवारों को बड़ी राहत पहुंची है।

​विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल अस्पताल खैरागढ़ में डायलिसिस केंद्र का संचालन 12 फरवरी 2025 से तीन मशीनों के जरिए हो रहा है। इस केंद्र ने मात्र 630 दिनों में कुल 14,303 डायलिसिस सत्र सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। वर्तमान में 38 किडनी रोगियों को नियमित रूप से निःशुल्क डायलिसिस सेवा का लाभ मिल रहा है।

​स्थानीय स्तर पर इस सुविधा के मिलने से मरीजों को बार-बार अन्य शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ रही है। इससे उनके समय और धन दोनों की बचत हो रही है। शासन की इस निःशुल्क सेवा से मरीजों के परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है और मरीजों का इलाज बिना रुकावट जारी है।

​कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और उनका विस्तार करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में डायलिसिस सेवा का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

​मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के. शुक्ला, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष शर्मा तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन एवं डॉ. मनीष बघेल के समन्वय से यह कार्यक्रम संचालित हो रहा है। चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

​सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर ही नियमित और बेहतर उपचार देना है। जिला स्वास्थ्य विभाग नागरिकों को सुलभ और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button