KCGखास खबरछत्तीसगढ़

स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर पुलिस ने किया जागरूक

साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह के छठे दिन महिला कॉलेजों व सामुदायिक समूहों तक पहुंची पुलिस

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह के छठे दिन 10 सितंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान “स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सेफ ब्राउज़िंग” थीम के माध्यम से महिला कॉलेजों एवं विभिन्न सामुदायिक समूहों के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।


जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को स्मार्टफोन की प्राइवेसी सेटिंग्स, मजबूत पासवर्ड, 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, सुरक्षित ब्राउज़िंग सहित संदिग्ध लिंक एवं वेबसाइट से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने नागरिकों को OTP, KYC अपडेट, फर्जी लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील की। लोगों को बताया गया कि OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।


साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर पीड़ित व्यक्ति तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा cybercrime.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा संबंधी शपथ दिलाई गई तथा अपने आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।


खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए “साइबर जागृति अभियान” लगातार संचालित किया जा रहा है।
जागरूक बनें, सतर्क रहें और साइबर अपराध से सुरक्षित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button