
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर स्वच्छता एवं स्वच्छ परिसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में शनिवार सुबह 7 बजे स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की।
स्वच्छता श्रमदान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों की सफाई की तथा कचरे को एकत्रित कर व्यवस्थित रूप से निस्तारित किया। इस अवसर पर स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे नियमित व्यवहार और कार्यालयीन कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि स्वच्छ कार्यालय, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ वातावरण स्वस्थ एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति की पहचान है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संकल्प लेना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने तथा आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से परियोजना अधिकारी प्रकाश चंद्र तारण, सी.के. पांडेय, सलीम खान, द्वारका साहू गजेंद्र साहू, आशीष साहू सहित जिला पंचायत के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से जिला पंचायत कार्यालय ने “स्वच्छ परिसर–स्वस्थ वातावरण” का संदेश देते हुए स्वच्छता के प्रति सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।



