राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : जिले में मानसून के दौरान इस वर्ष अब तक कुल औसत वर्षा 520.9 मिमी दर्ज की गई है। 19 अगस्त 2026 को जारी भू-अभिलेख शाखा की तहसीलवार दैनिक वर्षा जानकारी के अनुसार जिले में 1 जून से अब तक हुई वर्षा 10 वर्षों के औसत 528.2 मिमी की तुलना में 7.3 मिमी कम है। इस तरह जिले में अब तक औसत वर्षा का 98.6 प्रतिशत ही दर्ज हुआ है।
बुधवार को जिले की चारों तहसीलों में कुल 23.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसमें खैरागढ़ तहसील में 14.0 मिमी, छुईखदान में 4.3 मिमी, गंडई में 0.7 मिमी तथा साल्हेवारा में 4.1 मिमी वर्षा हुई।
तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 19 अगस्त तक खैरागढ़ में 495.5 मिमी, छुईखदान में 435.0 मिमी, गंडई में 507.2 मिमी तथा साल्हेवारा में सर्वाधिक 645.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। दस वर्षों के औसत से तुलना करें तो खैरागढ़ में 86.67 प्रतिशत, छुईखदान में 88.8 प्रतिशत, गंडई में 99.8 प्रतिशत और साल्हेवारा में 119.1 प्रतिशत वर्षा दर्ज हुई है।
जिले में अब तक साल्हेवारा तहसील की स्थिति सबसे बेहतर रही है, जहां सामान्य औसत की तुलना में 119.1 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई। वहीं खैरागढ़ और छुईखदान में सामान्य से कम बारिश हुई है। गंडई में वर्षा लगभग सामान्य रही है।
भू-अभिलेख शाखा द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले की कुल औसत वार्षिक वर्षा 1055.6 मिमी है, जबकि 19 अगस्त तक मानसून अवधि में हुई वर्षा सामान्य औसत के करीब बनी हुई है।



