राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, 15 अगस्त 2026 :
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सभापति अरुणा राजू सिंह, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, उप संचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा, परियोजना अधिकारी प्रकाश चंद्र तारम, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता मनीष साहू, सहायक परियोजना अधिकारी वीबी-जी राम जी प्रेम कुमार देवांगन सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है और अधिकारी-कर्मचारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण जनता को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को और अधिक गति देने की आवश्यकता है। सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारी सकारात्मक सोच के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले का विकास तेज गति से हो और ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि जिला पंचायत ग्रामीण विकास की प्रथम नींव है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक प्रयास से विकास की मजबूत नींव तैयार की जा सकती है। नींव मजबूत होगी तो विकास की पूरी इमारत और आगे का कार्यकाल भी मजबूत होगा। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को नए संकल्प के साथ निभाने का दिन है। जिला पंचायत की पूरी टीम को ग्रामीण विकास और जनकल्याण के कार्यों में और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्यवाही और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाएं तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के ग्रामीण परिवार तक पहुंचाने के लिए मिलकर प्रयास करें। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और जिले के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने जिला पंचायत परिसर में देशभक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण निर्मित किया तथा ग्रामीण विकास को नई गति देने की प्रतिबद्धता को मजबूत किया।



