
सोशल मीडिया के माध्यम से मिलेगी त्वरित सूचना, आपात स्थिति में डायल करें 112
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार गंडई/खैरागढ़ : जिला पुलिस खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) ने आम नागरिकों से पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ने की अपील की है। पुलिस का उद्देश्य नागरिकों तक कानून व्यवस्था, यातायात, जनजागरूकता अभियान, साइबर सुरक्षा, अपराध संबंधी चेतावनी तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर पहुंचाना है।
जिला पुलिस ने बताया कि नागरिक एक्स (X) पर @KCGPoliceCG, इंस्टाग्राम पर @policekcgofficial तथा फेसबुक पर Police KCG Official से जुड़कर पुलिस की गतिविधियों और जनहित संबंधी सूचनाओं की नियमित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे किसी भी आपात या विशेष परिस्थिति में सूचना का त्वरित आदान-प्रदान हो सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें तथा अफवाहों से बचते हुए केवल पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध प्रमाणिक जानकारी पर ही विश्वास करें। जिला पुलिस ने कहा कि आमजन का सहयोग सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


