राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 15 अगस्त 2026 : जिला पंचायत संसाधन केंद्र ग्राम देवारीभाठ, खैरागढ़ में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपसंचालक पंचायत एवं प्राचार्य गीत कुमार सिन्हा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिला अंकेक्षक मोहित राम ध्रुव, डीपीएम-आरजीएसए मनोज कुमार साहू, नितिन कुमार उमरे, पुलकित बंसोड़, कालेश्वर सेन, हर्ष टंडन, चंद्रहास माली, जितेंद्र सहित जिला पंचायत संसाधन केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत संसाधन केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी ने राष्ट्र निर्माण, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
गीत कुमार सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों तथा महिला स्व-सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सामूहिक सहभागिता एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से गांवों को और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और ग्रामीण विकास के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।



