KCGखास खबरछत्तीसगढ़

स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 25 पदों पर भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन 25 नवंबर को, काउंसलिंग 27 को

दोनों दिन सेजेस कन्या खैरागढ़ में सुबह 10 बजे से होगी प्रक्रिया, मेरिट क्रम में अभ्यर्थी चुनेंगे विद्यालय

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छह स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 25 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम जारी हो गया है। राज्य स्तर पर प्रकाशित विषयवार मेरिट सूची के अनुसार अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन 25 नवंबर को सुबह 10 बजे से सेजेस कन्या खैरागढ़ में होगा। विद्यालय चयन के लिए काउंसलिंग 27 नवंबर को इसी स्थल पर सुबह 10 बजे से होगी।

​जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर ने सहायक शिक्षक के 13, शिक्षक के 6, व्याख्याता के 3, सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला) के 2 और प्रधान पाठक (प्राथमिक) के 1 पद के लिए परीक्षा आयोजित की थी।

​मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को सत्यापन के लिए अपने मूल प्रमाण पत्र, अंकसूचियां और चयन के लिए मांगे गए अन्य सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। इन दस्तावेजों की छायाप्रतियों के दो सेट और दो फोटोग्राफ भी लाना अनिवार्य है।

​काउंसलिंग के दिन विद्यालयवार रिक्त पदों की सूची प्रोजेक्टर पर प्रदर्शित की जाएगी। अभ्यर्थी मेरिट क्रम के अनुसार उपलब्ध पदों में से अपने लिए विद्यालय का चयन करेंगे और सहमति पत्र देंगे। एक बार विद्यालय चुनने के बाद उसमें बदलाव का अवसर नहीं मिलेगा।

​काउंसलिंग के बाद कलेक्टर के अनुमोदन से पात्र चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होने को कहा है। दस्तावेज सत्यापन या काउंसलिंग में अनुपस्थित रहने की जिम्मेदारी संबंधित अभ्यर्थी की होगी।

Related Articles

Back to top button