
24×7 गोपनीय हेल्पलाइन 1800-233-1905 पर दे सकते हैं सूचना
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला के.सी.जी. : जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध प्रवासियों की सूचना देने की अपील की है। पुलिस विभाग ने इसके लिए राज्यव्यापी टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 जारी की है, जिस पर नागरिक 24 घंटे किसी भी समय गोपनीय रूप से जानकारी साझा कर सकते हैं।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी समय पर मिलने से कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम में सहायता मिलेगी। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
केसीजी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध या अवैध प्रवासी निवास करता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल हेल्पलाइन पर दें। नागरिकों के सहयोग से जिले और प्रदेश को सुरक्षित बनाने का अभियान अधिक प्रभावी होगा।
“सूचना दें, सतर्क रहें, सुरक्षित छत्तीसगढ़ बनाएं” के संदेश के साथ पुलिस ने सभी नागरिकों से जागरूक एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपील की है।



