
सीजेएम निधि शर्मा ने कहा- लक्ष्य तय करें और उन्हें पाने के लिए बनाएं योजना, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों से कराया अवगत
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के अध्यक्ष विजय कुमार होता के निर्देश पर तालुका विधिक सेवा समिति खैरागढ़ की ओर से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा और विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीजेएम निधि शर्मा ने की। शिविर की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। सीजेएम शर्मा ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून बच्चों को यौन शोषण से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने गुड टच और बैड टच के अंतर को समझाते हुए कहा कि बच्चों को अपने शरीर की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा गलत तरीके से छूने या असहज महसूस कराने पर तत्काल माता-पिता अथवा भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी दें।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए योजना बनाकर आगे बढ़ें। साथ ही न्याय प्रक्रिया से जुड़े सवालों और समस्याओं को सुनकर उनका समाधान भी बताया।
बाल विवाह और सड़क सुरक्षा पर भी दी जानकारी
एडीपीओ देवेंद्र ध्रुव ने बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि देश में लड़कियों के विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह करना और कराना कानूनन अपराध है।
वरिष्ठ अधिवक्ता घम्मन साहू ने सड़क सुरक्षा और मोटर दुर्घटना से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन बीमा होना आवश्यक है।
अधिवक्ता संदीप दास वैष्णव ने टोनही प्रताड़ना तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वहीं पैरालीगल वालंटियर गोलू दास साहू ने निःशुल्क विधिक सहायता और नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में बताया।
इस अवसर पर प्राचार्य कमलेश्वर सिंह, कोर्ट स्टाफ अमर जायसवाल, उमेश राजपूत, महेंद्र पटेल सहित शिक्षकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पैरालीगल वालंटियर गोलू दास साहू ने किया। आभार प्रदर्शन प्राचार्य कमलेश्वर सिंह ने किया।


