विशेषज्ञों ने नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत, शपथ और हस्ताक्षर अभियान से दिया जनजागरूकता का संदेश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : माई भारत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा विज्ञान भवन, खैरागढ़ में ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय पड़ोसी युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में युवाओं को माई भारत पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें पोर्टल पर पंजीयन कराने तथा विभिन्न सामाजिक अभियानों एवं स्वयंसेवी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान युवाओं की ऊर्जा और सहभागिता को समाजहित के कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
मुख्य सत्र में विषय विशेषज्ञ यशपाल जंघेल तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने युवाओं में नशे की लत और इसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर मार्गदर्शन दिया। युवाओं को नशे से दूर रहने के उपायों की जानकारी देते हुए इसके प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा एवं गोरेलाल वर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों की उपस्थिति में सभी युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इसके उपरांत नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अतिथियों और युवाओं ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अभियान के माध्यम से सामूहिक सहभागिता से नशे जैसी सामाजिक बुराई को दूर करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग का सहयोग एवम् खेल विभाग से सुधांशु गुप्ता उपस्थित थे |
जिला युवा अधिकारी, माई भारत के.सी.जी. शुभजीत डे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में टीकेन्द्र वर्मा, वर्षा वर्मा, खिलेश कौशिक, रोहन साहू, दीपक साहू, प्रियंका सोनी, रामअवतार साहू, पुलस्त्य साहू एवं माई भारत के अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय योगदान दिया।



