KCGखास खबरछत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर खैरागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आदर्श शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खैरागढ़ में बालिकाओं के स्वास्थ्य, अधिकारों, शिक्षा एवं सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर इंद्रजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ल के निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता, क्विक आंसर राउंड एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इनके माध्यम से छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा, बालिका अधिकारों तथा लैंगिक समानता के महत्व की जानकारी दी गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।

पौष्टिक आहार एवं किशोरावस्था के स्वास्थ्य पर दी जानकारी

जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, अधिकारों के प्रति जागरूक बनने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में छात्राओं को किसी विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने पीसीपीएनडीटी अधिनियम, 1994 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व लिंग चयन पर कानूनी प्रतिबंध के बारे में भी बताया।

बेटा-बेटी में भेदभाव नहीं करने का दिया संदेश

जिला सलाहकार RMNCH+A  आरती चतुर्बिदानी ने भ्रूण हत्या एवं कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने बेटा-बेटी में भेदभाव समाप्त करने, प्रत्येक बालिका को जन्म लेने का समान अवसर देने तथा समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों को जानने-समझने तथा शिक्षा और आत्मविश्वास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य  कमलेश्वर सिंह, विद्यालय के शिक्षकगण, जिला कार्यक्रम प्रबंधक  सोनल ध्रुव, जिला सलाहकार RMNCH+A  आरती चतुर्बिदानी, कुमारी गौरी साहू एवं  नागेश्वर बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षित, जागरूक, आत्मविश्वासी एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button