त्रैमासिक परीक्षा मेरिट सूची: छुईखदान में जिला स्तरीय सम्मान समारोह, गंडई स्कूल के तीन होनहारों का शानदार प्रदर्शन
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ -छुईखदान-गंडई : शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छुईखदान में त्रैमासिक परीक्षा की जिला स्तरीय प्रावीण्यता (मेरिट) सूची में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रावल ने कक्षा नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं के कुल 40 होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
गंडई विद्यालय का विशेष दबदबा

इस जिला स्तरीय सम्मान समारोह में पीएम श्री स्वर्गीय लाल मूरत सिंह खुसरो शासकीय अंग्रेजी/हिंदी मीडियम विद्यालय गंडई के तीन विद्यार्थियों ने अपनी उल्लेखनीय सफलता से विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया:
- नैना साहू (कक्षा नौवीं): जिले में छठवां स्थान प्राप्त किया।
- विनय पटेल (कक्षा ग्यारहवीं): जिले में पांचवां स्थान प्राप्त किया।
- जासमीन बानो (कक्षा बारहवीं): जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया।

प्रेरणास्त्रोत और भविष्य की शुभकामनाएं
जिला शिक्षा अधिकारी ने मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही, बच्चों की इस सफलता के पीछे उनके कक्षा शिक्षकों, विषय शिक्षकों और पालकों की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए विशेष बधाई दी।
विद्यालय के प्राचार्य और परीक्षा प्रभारी ने इस शानदार उपलब्धि पर गहरा हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि विद्यालय के छात्र भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।