
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ :
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने एग्रीस्टैक पोर्टल में तहसीलवार पंजीयन की समीक्षा की। कुछ क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी तहसीलदारों को प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण कर कम से कम दो ग्रामों में विशेष अभियान चलाकर किसानों का पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों एवं सीएससी संचालकों को भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले के किसानों को धान खरीदी सहित शासन की विभिन्न कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने किसानों से समय रहते एग्रीस्टैक पोर्टल में अपना पंजीयन पूर्ण कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे आगामी धान खरीदी सीजन एवं अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विभागों को पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्कूल भवनों में शौचालयों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा शौचालयों को उपयोग योग्य बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण, धान उठाव की स्थिति, गौधाम योजना, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना तथा कैच द रेन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, सुमन राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

